CM योगी की माँ पर बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन, लखनऊ में युवाओं ने फूँका पुतला: FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की माँग

बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माँ को लेकर कथित आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी करने के बाद राजधानी में तीव्र आक्रोश देखा गया। शनिवार (7 मार्च 2026) को लखनऊ के अटल चौराहा पर युवाओं ने इस बयान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूँका और उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की माँग की।

प्रदर्शन में शामिल युवक ने कहा, “मौलाना सलीम, जो खुद को चतुर्वेदी भी लिखता है, उसे इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार किसने दिया? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के विकास के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। उनकी माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती। अगर चार दिनों के भीतर मौलाना सलीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो पूरे लखनऊ में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में गलत संदेश जाता है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक अन्य प्रदर्शनकारी ने बताया, “बिहार के मौलाना सलीम ने जिस तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की माता के खिलाफ टिप्पणी की है, उसके विरोध में आज सड़क पर उतरकर पुतला दहन किया गया है। इस बयान ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है। हम राज्य और केंद्र सरकार से माँग करते हैं कि मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।”

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सख्त कार्रवाई न होने पर आगे बड़ा आंदोलन होगा। इस घटना से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मच गई है। पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रण में रखा। फिलहाल मौलाना अब्दुल्ला सलीम पर किसी भी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।