अयोध्या के साथ षड्यंत्र हुए, उसे लहुलुहान करने की कोशिश की गई: सीएम योगी ने राम नगरी से दिया आस्था का संदेश, कहा- PM मोदी ने मिटाया 500 वर्षों का कलंक

साल 2025 के अंतिम दिन अयोध्या में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म से ऊपर कोई नहीं है। कुछ लोगों ने अयोध्या में साजिश किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ।

उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों ने अयोध्या को लहूलुहान करने का कार्य किया था, जिस अयोध्या में कभी संघर्ष नहीं होते थे, उस अयोध्या में आतंकी हमले कर लहूलुहान करने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रभु की कृपा और बजरंगबली स्वयं सुरक्षा कर रहे हो, वहाँ ‘भूत पिशाच निकट नहीं आवे, महावीर जब नाम सुनावे’। तो कैसे कोई यहाँ पर आतंकी घुस जाता। पिछले 5 वर्ष में 45 करोड़ से अधिक भक्त अयोध्या धाम आए हैं। जहाँ पर पहले कुछ लाखों लोग आते थे। “

सीएम योगी के मुताबिक, पिछले 11 साल में पीएम मोदी के नेतृत्व में तीन अहम कार्य हुए। इनमें 5 अगस्त 2020 को पीएम अयोध्या आए और 500 साल के कलंक को समाप्त किया। उन्होंने राम जन्मभूमि के कार्यक्रम को संपन्न किया था।

उन्होंने कहा कि दूसरी तारीख 22 जनवरी 2024 थी। उस दिन भी पीएम मोदी अयोध्या पधारे और अपने कर कमलों से श्रीराम प्रतिष्ठा कार्यक्रम को संपन्न कराया। सीएम योगी ने कहा कि तीसरा 25 नवंबर 2025 का दिन था, जब पीएम मोदी पहुँचे और विवाह पंचमी के मौके पर राम मंदिर के मुख्य शिखर पर प्रतिष्ठित ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इससे पूरी दुनिया को ये संदेश गया कि सनातन की पताका यूँ ही लहराती रहेगी।