UP में CM योगी आदित्यनाथ ही होंगे 2027 में भी BJP का चेहरा: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अभी से कर दिया ऐलान, समझें इसके मायने

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनावी मैदान में उतरेगी।

न्यूज18 को दिए एक इंटरव्यू के दौरान जब 2027 के चुनाव में चेहरे को लेकर सवाल किया गया तो नितिन नवीन ने बिना किसी हिचक के कहा, “देखिए हमारे मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में सरकार चला रहे हैं तो निश्चित रूप से चेहरे वही होंगे।”

इस बयान से साफ हो गया है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में नेतृत्व को लेकर किसी तरह का प्रयोग करने के मूड में नहीं है और पार्टी मौजूदा चेहरे पर ही भरोसा जताएगी।

यूपी मॉडल पर भाजपा का भरोसा

उत्तर प्रदेश की स्थिति पर बात करते हुए नितिन नवीन ने कहा, “देखिए उत्तर प्रदेश में माननीय प्रधानमंत्री जी, माननीय मुख्यमंत्री जी जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। जिस उत्तर प्रदेश को अपराध के लिए जाना जाता था, वसूली के लिए जाना जाता था। कास्ट के आधार पर भ्रमित किया जाता था।”

उन्होंने आगे कहा, “आज उत्तर प्रदेश विकास के लिए जाना जा रहा है, एक्सप्रेसवे के लिए जाना जा रहा है। लॉ एंड ऑर्डर के लिए जाना जा रहा है तो निश्चित रूप से जिन चीजों की पहली आवश्यकता होती है, गुड गवर्नेंस, डेवलपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों के जैसे काम कर रहा है, तो आम जनमानस इसको देखकर वोट करता है।”

हैट्रिक और चुनावी रणनीति का संकेत

भाजपा के प्रदर्शन को लेकर विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा, “आज अगर हमने गरीब की चिंता की। चाहे वो प्रधानमंत्री अन्न योजना से लेकर पूरी तरह से सरकार की योजनाओं को एकदम नीचे तक क्रियानवन किया। वहीं हमने इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ भी दिखाया। हम इन्वेस्टमेंट भी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर ला रहे हैं।”

आगे उन्होंने जोड़ा, “एक लॉ एंड ऑर्डर का जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यूएसपी है,वो भी दिख रहा है तो मैं मानता हूँ कि आज उत्तर प्रदेश के कई शहर विकसित शहर के रूप में दिख रहे हैं। तो ये सब चीजें हमारे लिए स्पष्ट रूप से हमारे तीसरे सरकार बनाने के लिए, हैट्रिक लगाने के लिए काफी है।”

नितिन नवीन के बयान से साफ संकेत मिलता है कि BJP 2027 के चुनाव में ‘योगी मॉडल’ को ही केंद्र में रखकर जनता के बीच जाएगी और विकास व कानून व्यवस्था को मुख्य मुद्दा बनाएगी।