उदित राज ने केजरीवाल को बताया ‘स्वयंभू न्यायाधीश’: कहा- दूसरों को जेल भेजने की करते थे बात, खुद पर लगे आरोप तो न्यायपालिका पर नहीं रहा भरोसा

कॉन्ग्रेस नेता डॉ उदित राज ने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर सोशल मीडिया के जरिए तीखा हमला बोला है। उदित राज ने अरविंद केजरीवाल द्वारा सोनिया गाँधी और शीला दीक्षित के दौर में हुए घोटाले की आलोचना को लेकर उन्हें घेरा है। इसका संदर्भ देते हुए उदित राज ने केजरीवाल के मौजूदा शराब नीति घोटाले के मामले पर सवाल किए हैं।

उदित राज ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट कर कहा, “अरविंद केजरीवाल स्वयंभू न्यायाधीश बनकर कॉमनवेल्थ गेम्स, 2G स्पेक्ट्रम और कोयला घोटाले में तत्कालीन सीएम शीला दीक्षित जी और सोनिया गाँधी जी के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और उन्हें जेल भेजने का वादा करते थे।”

वे आगे केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहते हैं, “अब जब खुद पर आरोप लगे हैं, तो उसमें भी न्यायाधीश बनना चाहते हैं और न्यायपालिका पर विश्वास नहीं दिखाते। भाई, मान गए- हर जगह खुद ही जज बनेंगे।”