कॉन्ग्रेस से ‘आउट’ हुए पूर्व MLA मोहम्मद मोकीम, सोनिया गाँधी को पत्र लिख उठाए थे लीडरशिप पर सवाल: बेटी सोफिया फिरदौस अब भी विधायक

कॉन्ग्रेस पार्टी ने ओडिशा के पूर्व विधायक मोहम्मद मोकीम को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उस पत्र के कुछ ही दिनों बाद की गई है, जिसमें मोकीम ने कॉन्ग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गाँधी को पत्र लिखकर मौजूदा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को हटाने और युवा नेतृत्व को आगे लाने की माँग की थी। पार्टी ने मोकीम पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया है, हालाँकि निष्कासन नोटिस में इन गतिविधियों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया।

ओडिशा प्रदेश कॉन्ग्रेस कमेटी (OPCC) की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया कि अखिल भारतीय कॉन्ग्रेस कमेटी (AICC) ने मोहम्मद मोकीम को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नोटिस के मुताबिक यह फैसला पार्टी हितों के खिलाफ उनके आचरण के चलते लिया गया।

खड़गे की उम्र पर टिप्पणी बनी विवाद की जड़

मोहम्मद मोकीम ने हाल ही में सोनिया गाँधी को लिखे पत्र में कहा था कि कॉन्ग्रेस इस समय कठिन दौर से गुजर रही है और पार्टी को उनके मार्गदर्शन की जरूरत है। उन्होंने यह भी टिप्पणी की थी कि एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उम्र उनके पक्ष में नहीं है और अब समय आ गया है कि पार्टी में युवा नेताओं को आगे लाया जाए।

उन्होंने ओडिशा के नुआपड़ा उपचुनाव नतीजों को भी चिंता का विषय बताया था। कॉन्ग्रेस नेता मोकिम ने पत्र में राहुल गाँधी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि अपनी विरासत बाहरी विरोधियों के कारण नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर लिए गए फैसलों के कारण कमजोर हुई है।

मोकीम के इस पत्र के बाद पार्टी के भीतर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। ओडिशा कॉन्ग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने उनके बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी नेतृत्व को चुनौती देते हैं, उन्हें भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। इसी पृष्ठभूमि में कॉन्ग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मोकीम को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

बेटी सोफिया फिरदौस संभाल रही विरासत, वो अब भी कॉन्ग्रेस MLA

मौजूदा समय में मोकीम की बेटी सोफिया कॉन्ग्रेस की विधायक हैं। दरअसल, 2024 के चुनाव में कॉन्ग्रेस ने उनकी बेटी साफिया फिरदौस को उनकी बाराबाती-कटक विधानसभा सीट से टिकट दिया। सोफिया ओडिशा की पहली महिला मुस्लिम विधायक हैं, जो ओडिया-मुस्लिम समुदाय से संबंध रखती हैं।

क्यों बेटी को देनी पड़ी कमान? क्योंकि भ्रष्टाचार में मिली सजा

मोहम्मद मोकीम अब कॉन्ग्रेस के काम के वैसे भी नहीं रह गए थे। भले ही उनकी संगठन में पकड़ हो। दरअसल, मोहम्मद मोकीम भ्रष्टाचार के केस में 3 साल की सजा पाने की वजह से चुनाव नहीं लड़ सकते। इसकी वजह से उनकी बेटी को विधायक बनवाया गया। उन्हें ओडिशा हाई कोर्ट ने भ्रष्टाचार के केस में सजा सुनाई थी।

हालाँकि कॉन्ग्रेस उन्हें 2 बार पहले भी पार्टी से निकाल चुकी है, लेकिन स्थानीय मुस्लिमों में उनकी पकड़ की वजह से फिर से कॉन्ग्रेस को अपने कदम वापस खींचने पड़ते थे। उन्होंने बीते राष्ट्रपति चुनाव में कॉन्ग्रेस के उम्मीदवार की जगह द्रौपदी मुर्मू को स्थानीय होने की वजह से वोट दिया था, तभी पार्टी ने उन्हें निकाला था। और अब तो उन्होंने पार्टी हाई कमान पर ही उंगली उठा दी थी, ऐसे में उन्हें पार्टी ने सस्पेंड कर दिया। हालाँकि उनकी उपयोगिता जैसे ही होगी, पार्टी पहले की तरह अपने कदम वापस खीँच सकती है और फिर बेटी विधायक है ही।