SIR के विरोध में SC पहुँची केरल की वामपंथी सरकार, निकाय चुनाव की ली आड़: दिसंबर में रैली करेगी कॉन्ग्रेस, दिल्ली के रामलीला मैदान में लगेगा मंच

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली करारी हार के बाद कॉन्ग्रेस लगातार चुनाव आयोग को निशाना बना रही है। चुनाव से पहले भी कॉन्ग्रेस ने SIR का विरोध किया। अब कॉन्ग्रेस दोबारा SIR के विरोध में दिल्ली के रामलीला मैदान में दिसंबर 2025 में रैली आयोजित करने जा रही है।

बता दें कि बिहार चुनाव में सफल SIR के बाद अब चुनाव आयोग ने 12 राज्यों समेत केंद्र शासित प्रदेशों में SIR का ऐलान किया है। इसी संबंध में मंगलवार (18 नवंबर 2025) को कॉन्ग्रेस ने बैठक की। बैठक में फैसला लिया गया कि इन 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR का विरोध करने के लिए दिल्ली में रैली की जाएगी।

उधर, केरल की CPI(M) सरकार ने SIR प्रक्रिया को स्थगित करने की माँग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। सरकार की माँग है कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव तक SIR प्रक्रिया स्थगित कर दी जाए। कोर्ट में दायर याचिका में उल्लेख किया गया है कि स्थानीय निकाय चुनाव 21 दिसंबर 2025 से पहले तक समाप्त कर लिए जाएँगे।