बकरीद के विज्ञापन में दिखाई गाय, लिखा- ‘Book Your Qurbani Hissa’: मुबंई में ऐड को लेकर मचा बवाल, पुलिस में शिकायत दर्ज

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बकरीद से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विज्ञापन में ‘गाय’ की तस्वीर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ‘Book Your Qurbani Hissa’ नाम से प्रसारित इस पोस्टर के खिलाफ मुंबई के कुरार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विज्ञापन में गाय की तस्वीर का इस्तेमाल कर उसे कुर्बानी से जोड़ने की कोशिश की गई, जिससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने यह विज्ञापन शेयर किया है जिसमें हिस्से की कीमत 1600 रुपए रखी गई है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विज्ञापन में डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Google Pay और PhonePe के लोगो का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया, जो ट्रेडमार्क उल्लंघन और संभावित धोखाधड़ी के दायरे में आ सकता है।

शिकायतकर्ताओं ने मुंबई पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज कर मामले की विस्तृत जाँच की माँग की है। साथ ही इसकी प्रतिलिपि मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय को भी भेजी गई है।

विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने जायेद अंसारी नाम के युवक से पूछताछ की है। हालाँकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।