‘जो भारत जन्म दे सकता है, वो…’: राजनाथ सिंह की ‘आतंकिस्तान’ को दो टूक, कहा- ऑपरेशन सिंदूर तो सिर्फ ट्रेलर था, ब्रह्मोस की रेंज में PAK की हर एक इंच जमीन

पाकिस्तान की सेना का मुखिया आसिम मुनीर एक बार फिर गीदड़भभकी पर उतर आया है। भारत के सामने ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस की ताकत का ट्रेलर देखने के बावजूद और हाल ही में तालिबान से बुरी तरह पिटने के बाद मुनीर ने भारत को ‘उम्मीद से परे जवाब’ देने की धमकी दी है।

मुनीर ने यह धमकी ऐबटाबाद की मिलिट्री एकेडमी से दी। यह वही जगह है, जहाँ 9/11 का अपराधी ओसामा बिन लादेन छिपा हुआ था। मुनीर ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत के भौगोलिक रूप से विशाल होने के भ्रम को तोड़ देगा।

वहीं, लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच को हरी झंडी दिखाने के बाद राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को सीधे शब्दों में कड़ा संदेश भी दिया है।

ऑपरेशन सिंदूर तो सिर्फ ट्रेलर था- राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में ब्रह्मोस को भारत की बढ़ती हुई स्वदेशी सैन्य क्षमता का प्रतीक बताया। उन्होंने सीधे पाकिस्तान को ललकारते हुए कहा, “पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन अब ब्रह्मोस की रेंज में है।” इसके अलावा राजनाथ सिंह ने आगे कहा, “ऑपरेशन सिंदूर तो सिर्फ ट्रेलर था, जो भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, वह समय आने पर… अब आगे मुझे बोलने की कोई जरूरत नहीं।”

राजनाथ सिंह ने कहा कि अब जीत भारत के लिए कोई घटना नहीं, बल्कि एक आदत बन चुकी है। उन्होंने जोर दिया कि लखनऊ में इस यूनिट की स्थापना से यह सिद्ध होता है कि भारत अब रक्षा तकनीक में केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि उत्पादक देश बन गया है।

रक्षा आत्मनिर्भरता और लखनऊ का उत्थान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ अब केवल ‘तहजीब का शहर नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी का शहर‘ बन गया है। सीएम योगी ने इसे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक उत्थान की मिसाल बताया। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रह्मोस की यह पहली खेप भारत की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का जीवंत उदाहरण है। इस यूनिट का लक्ष्य हर साल 80 से 100 मिसाइलों का उत्पादन करना है।