देहरादूर पुलिस ने राजधानी के रायपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान की तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएँ पिछले कई सालों से भारत में अवैध रूप से रह रही थीं और इनके पास से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद हुए है।
‘ऑपरेशन क्रैकडाउन‘ के तहत सत्यापन अभियान के दौरान इन्हें साईं कॉम्प्लेक्स की एक बहुमंजिला इमारत से पकड़ा है। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान एरिका (किर्गिस्तान), करीना और निगोरा निम (दोनों उज्बेकिस्तान) के रूप में हुई। पुलिस जाँच में सामने आया कि करीना और निगोरा ने नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था।
जबकि एरिका वीजा खत्म होने के बाद भी देश नहीं छोड़ी। पहचान छिपाने के लिए इन्होंने भारतीय पहचान पत्र बनवा लिए थे और पकड़े जाने के डर से बार-बार दिल्ली जैसे शहरों में अपनी लोकेशन बदलती रहती थीं।
पुलिस ने बताया कि निगोरा को पहले भी बिहार में अवैध प्रवास के लिए गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह अपने देश वापस नहीं गई। हाल ही में दिल्ली से पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन की तरह इन महिलाओं ने भी नेपाल सीमा का इस्तेमाल किया, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल तीनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

