उत्तराखंड के देहरादून के रैपर ‘कर्मा’ का नया गाना ‘पब्लिक नोटिस’ सोशल मीडिया पर भारी विवादों में घिर गया है। सोशल मीडिया पर लोग कर्मा पर देश की छवि खराब करने और ‘एंटी-नेशनल नैरेटिव’ फैलाने का आरोप लगा रहे हैं।
कई यूजर्स का कहना है कि एक कलाकार होने के बावजूद कर्मा ने अपने गाने में देशभक्ति, धर्म और सरकारी व्यवस्था को जिस तरीके से पेश किया है, वह लोगों की भावनाओं को भड़काने वाला है।
यूजर्स ने कहा- भारत की छवि खराब करने की कोशिश
सोशल मीडिया पर कई लोगों का मानना है कि उन्होंने समस्याओं को दिखाने के नाम पर भारत की नकारात्मक तस्वीर पेश करने की कोशिश की है। खास तौर पर धर्म और हिंसा से जुड़े हिस्से को लेकर लोगों में ज्यादा नाराजगी देखी जा रही है। यूजर्स का कहना है कि ऐसे संवेदनशील विषयों पर इस तरह के बोल समाज में तनाव बढ़ा सकते हैं।
विवाद बढ़ने के बाद कर्मा ने इंस्टाग्राम पर अपने खिलाफ आए मैसेज साझा किए और कहा कि उन्हें अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं है। हालाँकि इसके बाद भी सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना कम नहीं हुई। कई लोगों ने आरोप लगाया कि कलाकारों को लोकप्रियता पाने के लिए देश और व्यवस्था को निशाना बनाने की आदत हो गई है।
यूजर्स का कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी को भी देश विरोधी माहौल बनाने की छूट नहीं दी जा सकती। विवाद के बीच कुछ लोग ‘कर्मा’ के समर्थन में भी हैं।

