दिल्ली के चाँदनी चौक और जामा मस्जिद इलाके में गुरुवार (26 फरवरी 2026) जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद जब नगर निगम (MCD) अतिक्रमण हटाने पहुँची, तो हजारों स्ट्रीट वेंडर्स ने काम रोककर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी ‘जो जमीन सरकारी है, वो जमीन हमारी है’ जैसे नारे लगा रहे हैं। यह पूरा विवाद हाई कोर्ट के उस निर्देश के बाद खड़ा हुआ है, जिसमें जामा मस्जिद के आसपास बढ़ते अवैध अतिक्रमण का सर्वे कर उसे तुरंत हटाने के आदेश दिए गए थे।
सुनिए क्या कहा जा रहा है..जो जमीन सरकारी है वो जगह हमारी है..
— Meenakshi Bansal (@MomMeenakshi) February 25, 2026
ये विरोध प्रदर्शन चांदनी चौक के अतिक्रमण कारी लोगो द्वारा किया जा रहा है .. प्रशासन चुप्पी साधे हुए है..जब ये नारा लग रहा तो दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की..सवाल बड़ा है जवाब चाहिए..@DelhiPolice @MCD_Delhi… pic.twitter.com/R3AHrfxhY5
पिछले कई दिनों से MCD की टीम पुलिस बल के साथ इलाके में कार्रवाई कर रही है, जिससे वेंडर्स के बीच काफी नाराजगी है। प्रशासन का साफ कहना है कि सड़कों पर बढ़ते कब्जे की वजह से यहाँ चलना मुश्किल हो गया है और व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है।
वहीं, रेहड़ी-पटरी वालों का तर्क है कि वे दशकों से यहाँ अपनी दुकान लगाकर रोजी-रोटी कमा रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को ‘स्ट्रीट वेंडर एक्ट’ के तहत उनकी सुरक्षा करनी चाहिए और बिना किसी दूसरी जगह का इंतजाम किए उन्हें हटाना अन्याय है।
इस तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए चाँदनी चौक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा का भारी इंतजाम किया गया है। स्थानीय व्यापारियों और वहाँ आने वाले लोगों में भी इस हंगामे के कारण चिंता बनी हुई है। फिलहाल, कोर्ट के आदेश के पालन और अपनी आजीविका बचाने की लड़ाई के बीच इलाके में भारी गतिरोध बना हुआ है।

