दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए चलने वाली खास बस सेवा को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत राजधानी में महिलाओं के लिए 50 नई स्पेशल बसें चलाई जाएँगी। इसका मकसद महिलाओं को, खासकर नौकरी और कॉलेज जाने वाली महिलाओं को सुरक्षित और आसान सफर देना है।
इन नई बसों में महिलाओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बसों में महिला स्टाफ, सुरक्षा मार्शल, सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी के लिए पैनिक बटन जैसी सुविधाएँ होंगी।
अभी दिल्ली परिवहन निगम (DTC) सिर्फ दो रूटों पर कुछ महिलाओं की स्पेशल बसें चलाता है। अधिकारियों के मुताबिक, यह सेवा सबसे पहले कॉन्ग्रेस सरकार के समय शुरू हुई थी। बाद में लोगों की माँग के अनुसार इसे कुछ चुनिंदा रूटों पर ही जारी रखा गया। अब डीटीसी इस सेवा का बड़े स्तर पर विस्तार करने की तैयारी कर रहा है, ताकि ज्यादा महिलाओं को सुरक्षित और आऱामदायक यात्रा की सुविधा मिल सके।
व्यस्त रूट और बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी पर फोकस
अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली सरकार इन महिलाओं की स्पेशल बसों को शहर के करीब 20 से 25 व्यस्त रूटों पर चलाने की योजना बना रही है। इनमें सेंट्रल दिल्ली, ITO और बड़े कॉलेजों व दफ्तरों वाले इलाके शामिल हो सकते हैं। जिन रूटों पर मेट्रो की सुविधा कम है, वहाँ भी ये बसें चलाई जाएँगी, ताकि महिलाओं और छात्राओं को अपने सफर का आखिरी हिस्सा सुरक्षित तरीके से तय करने में आसानी हो।
इन बसों के सुब 5 बजे से रात 11 बजे तक चलने की उम्मीद है। इससे सुबह जल्दी निकलने वाली और देर रात घर लौटने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।
पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
महिलाओं की ये नई बसें इलेक्ट्रिक होंगी। इन्हें केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत खरीदा जाएगा। इस योजना का मकसद देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना है। पहले चरण में 25 बसें बाहरी दिल्ली में चलाई जाएँगी। वहीं, 25 बसें यूनिवर्सिटी स्पेशल के रूप में चलेंगी, ताकि छात्राओं को आने-जाने में सुविधा मिल सके।
ये बसें सिर्फ महिलाओं के लिए होंगी, इसीलिए इनमें पुरुष यात्रियों को सफर करने की अनुमति नहीं होगी। हालाँकि, अगर कोई महिला अपने बच्चों के साथ यात्रा कर रही है, तो उसे बस में सफर करने की अनुमित होगी।

