दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने ISIS से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। एक दिल्ली से और दूसरा मध्य प्रदेश के राजगढ़ से।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आतंकियों की उम्र 20 से 26 साल के बीच है। उनके पास से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन, एसिड, सल्फर पाउडर, बॉल बेयरिंग्स, आईईडी सर्किट और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं। जाँच में सामने आया है कि दोनों आरोपित पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलर्स के संपर्क में थे और दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में आईईडी ब्लास्ट की योजना बना रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों आतंकी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड चैट ऐप्स के जरिए ISIS नेटवर्क से जुड़े थे और ऑनलाइन माध्यम से विस्फोटक बनाने की ट्रेनिंग ले चुके थे। वे आत्मघाती हमले की योजना के अंतिम चरण में थे। समय रहते कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिल्ली में एक संभावित आतंकी हमले को टाल दिया।
फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी NIA को भी दी है ताकि जाँच समन्वित ढंग से आगे बढ़ाई जा सके।

