1 साल से फरार कुख्यात गैंगस्टर साबिर अली को दिल्ली पुलिस ने शंभू बॉर्डर से दबोचा, मर्डर और रंगदारी समेत दर्ज हैं 14 मामले

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक साल से फरार चल रहे कुख्यात गैंगस्टर साबिर अली उर्फ शब्बीर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे हरियाणा के शंभू बॉर्डर से दबोचा है। साबिर अप्रैल 2025 से मकोका (MCOCA) के एक मामले में फरार चल रहा था।

गैंगस्टर साबिर अली के पास से एक XUV-700 कार और एक स्कूटी भी मिली है। उस पर हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे 14 संगीन मामले दर्ज हैं। साबिर अली उत्तर-पूर्वी दिल्ली और ट्रांस-यमुना इलाके में सक्रिय ‘हाशिम बाबा-अनवर चाचा’ गैंग का मुख्य चेहरा है।

यह गिरोह दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी रंगदारी और जमीन कब्जाने का काम करता था। जाँच में पता चला है कि इस गैंग के कुछ तार नेपाल और दुबई से भी जुड़े हुए हैं। इस मकोका केस में गिरोह के 9 सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके हैं। हाल ही में जनवरी 2026 में भी इस गैंग के एक शार्प शूटर को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था।