लाल किला ब्लास्ट केस में NIA ने 4 और संदिग्ध डॉक्टरों को दबोचा, अब तक कुल 6 गिरफ्तारी: इन्हीं चारों ने किया था i-20 कार का इंतजाम

दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के मामले में राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने अपनी जाँच तेज कर दी है। NIA ने इस मामले में चार और आरोपितों को हिरासत में लिया है। इन नई गिरफ्तारियों के साथ इस सुनियोजित हमले के संबंध में अब तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जानकारी के अनुसार, ये गिरफ्तारियाँ श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) के डिस्ट्रिक्ट सेशंस जज और पटियाला हाउस कोर्ट के प्रोडक्शन ऑर्डर पर की गईं। NIA द्वारा हिरासत में लिए गए चार नए आरोपितों की पहचान डॉ मुजम्मिल शकील गनई (पुलवामा), डॉ अदील अहमद राथर (अनंतनाग), डॉ शाहीन सईद (लखनऊ) और मुफ्ती इरफान अहमद वागे (शोपियाँ) के रूप में हुई है।

NIA के अनुसार, ये सभी इस ब्लास्ट की साजिश और अंजाम देने में अहम भूमिका निभा रहे थे। जाँच एजेंसी पिछले कई महीनों से इस मामले में लगातार छापेमारी कर रही है। अब NIA इस पूरे नेटवर्क की फंडिंग, साजिश और प्लानिंग की कड़ियों को खंगालने में जुटी है, क्योंकि एजेंसी का मानना है कि इस हमले में कई स्थानों से जुड़े अलग-अलग आतंकी मॉड्यूल सक्रिय थे।