वाराणसी में वक्फ बोर्ड के ‘मुसाफिर खाना’ पर चला बुलडोजर, 300 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी की तैनाती: बैरिकेडिंग कर रोकी गई आवाजाही, ड्रोन से की गई निगरानी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के दालमंडी इलाके में वक्फ बोर्ड द्वारा संचालित ‘मुसाफिर खाना’ पर सोमवार (11 मई 2026) को प्रशासन ने बुलडोजर की कार्रवाई की। इस दौरान पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया।

लोगों की आवाजाही को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई, इलाके में ड्रोन से भी नजर रखी गई।

कार्रवाई को लेकर दशाश्वमेध एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि यह वक्फ संपत्ति ‘मुसाफिर खाना’ के नाम से दर्ज है, जिस पर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग ने सभी कानूनी औपचारिकताएँ पूरी कीं और पर्याप्त समय देने के बाद ही यह कदम उठाया गया।

प्रशासन का कहना है कि पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। मौके पर पीडब्ल्यूडी, जिला प्रशासन, पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी और स्थानीय पुलिस की भारी तैनाती की गई। दालमंडी वाराणसी का बेहद संवेदनशील और घनी आबादी वाला इलाका है।

यही वजह है कि प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहा था। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई।