अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में विशेष जाँच दल (SIT) की कार्रवाई और गिरफ्तारियों के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। देवरिया में शुक्रवार (26 जून 2026) को एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने साफ किया कि उनकी सरकार जन आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ बेहद सख्त है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कॉन्ग्रेस पर भी तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जाँच पूरी निष्पक्षता से चल रही है। उन्होंने जाँच और कार्रवाई को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा, “SIT की रिपोर्ट आते ही हमारी कार्रवाई शुरू हो गई है। इस मामले में हम दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे। दान गबन करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती है। सनातन के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा वो भुक्तभोगी होगा। दान चोरी मामले में यदि सबूत नहीं है तो किसी पर राजनीति के लिए आरोप न लगाएं।”
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो लोग अतीत में रामभक्तों पर अत्याचार करते थे, वे आज सवाल उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सपा पर प्रहार करते हुए कहा, “गोली चलवाने वाले आस्था की बात न करें। सपा सरकार थी तो वसूली होती थी, पूरा खानदान वसूली पर निकल पड़ता था। एक पक्ष ऐसा था जो कहता था कि भगवान राम का कोई अस्तित्व ही नहीं है। यानी ये लोग अयोध्या के अस्तित्व को ही नकारना चाहते थे। उन्होंने लगातार अदालत में मुकदमा लड़ा, राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के खिलाफ वकीलों की पूरी फौज खड़ी की। वहीं दूसरी ओर वही लोग थे जो ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने वालों पर लाठियाँ चलवाते थे और गोलियाँ चलवाते थे। जो लोग भगवान राम का नाम लेने पर गोलियाँ चलाते थे, आज वही आस्था से छेड़छाड़ की बात कर रहे हैं।”
देवरिया में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान- 'सपा की सरकार में वसूली होती थी' @JyotiMishra999 | #DopaharNonStop | #CMYogi #Ayodhya #RamMandir #DonationRow pic.twitter.com/5bQo60LNMR
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) June 26, 2026
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि विपक्षी दलों के कार्यकाल में धार्मिक उत्सवों पर पाबंदियाँ लगाई जाती थीं, जबकि आज वे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। कॉन्ग्रेस और सपा को घेरते हुए उन्होंने कहा, “वे रामनवमी पर दंगे भड़काते थे, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन पर रोक लगाते थे, काँवड़ यात्रा नहीं निकलने देते थे और दुर्गा पूजा के दौरान भी दंगे भड़काने का काम करते थे। याद रखिए, कॉन्ग्रेस ने सिर्फ देश को लूटा ही नहीं, बल्कि उसे बाँटने का भी काम किया। बेईमानी और भ्रष्टाचार के जो रिकॉर्ड उन्होंने बनाए, वही लोग आज अयोध्या पर सवाल उठा रहे हैं। यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।”
डबल इंजन की सरकार ने समाजवादियों की डकैती को रोका है… pic.twitter.com/4E7hwD8Xln
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 26, 2026
भाषण के आखिर में सीएम योगी ने बेवजह के आरोपों को बंद करने की सख्त हिदायत दी और कहा कि अगर किसी के पास पुख्ता जानकारी है तो वह जाँच टीम की मदद करे। उन्होंने कहा, “सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है और सच्चाई सबके सामने आएगी। लेकिन मैं एक बार फिर अपील करना चाहता हूँ कि राम भक्तों की परीक्षा लेना बंद करें और उनकी आस्था से खिलवाड़ न करें। यदि आपके पास कोई तथ्य या सबूत नहीं है, तो आरोप-प्रत्यारोप बंद करें। और यदि सबूत हैं, तो उन्हें एसआईटी के सामने प्रस्तुत करें। सरकार एसआईटी की सिफारिशों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों की टीम अपना काम कर रही है, इसलिए इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी बंद की जानी चाहिए।”

