अब मैक्सिकन ड्रग कार्टेल के खिलाफ मैदान में उतरेगी US आर्मी, डोनाल्ड ट्रंप ने किया ऐलान: कहा- कार्टेल चला रहे देश, हर साल मर रहे 3 लाख अमेरिकी

फॉक्स न्यूज के शो में सीन हैनिटी को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका मैक्सिको के ड्रग कार्टेल के खिलाफ मैक्सिको की जमीन पर जमीनी सैन्य कार्रवाई करने की योजना बना रहा है।

उन्होंने बताया कि समुद्री रास्ते से आने वाली लगभग 97% नशीली दवाओं की तस्करी को रोका जा चुका है और अब अमेरिका जमीन पर मैक्सिकन कार्टेल को निशाना बनाएगा। ट्रंप ने कहा कि ड्रग कार्टेल मैक्सिको को चला रहे हैं, जो बहुत दुखद है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका–मैक्सिको सीमा पिछले कई वर्षों से पूरी तरह अव्यवस्थित रही है।

अमेरिका मैक्सिको में ड्रग कार्टेल पर कार्रवाई की तैयारी

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हर साल अमेरिका में करीब 2.5 लाख से 3 लाख नागरिकों की मौत नशे की वजह से हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि असल संख्या इससे ज्यादा है, क्योंकि नशीले पदार्थ पूरे-के-पूरे परिवारों को बर्बाद कर देते हैं।

ट्रंप के मुताबिक अब समय आ गया है कि अमेरिका सिर्फ समुद्री रास्तों से ड्रग की सप्लाई रोकने तक सीमित न रहे, बल्कि मैक्सिको में ड्रग कार्टेल के जमीनी ठिकानों और उनके ऑपरेशन पर सीधे कार्रवाई करे।

उन्होंने बताया कि अमेरिकी सेना पिछले कई हफ्तों से कैरिबियन सागर में ड्रग तस्करी से जुड़े जहाजों पर कार्रवाई कर रही है। हाल ही में अमेरिकी बलों ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर हमला कर उन्हें गिरफ्तार किया और नार्को-आतंकवाद और हथियारों की तस्करी से जुड़े मामलों में न्यूयॉर्क ले जाया गया। ट्रंप ने इन सैन्य अभियानों को जरूरी बताते हुए कहा कि यह अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा की जरूरत है।

हालाँकि, यह भी अहम है कि अमेरिका और मैक्सिको मज़बूत व्यापारिक साझेदार हैं। अगर अमेरिकी सेना मैक्सिको की जमीन पर कार्रवाई करती है, तो इससे राजनयिक तनाव पैदा हो सकता है।

मैक्सिको अमेरिका को करीब 41% ऑटो पार्ट्स सप्लाई करता है और कुल अमेरिकी आयात का 15–18% मैक्सिको से आता है, जिसकी सालाना कीमत 500 अरब डॉलर से ज्यादा है। अगर यह सप्लाई चेन बाधित हुई, तो अमेरिकी ऑटो इंडस्ट्री को भारी नुकसान हो सकता है।

वहीं, अमेरिका के ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व’, जिसके तहत मादुरो को पकड़कर न्यूयॉर्क लाया गया, उनको कई देशों ने संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कड़ी आलोचना की है।

trump us military action mexico drug cartels land operations