मालाबार गोल्ड विवाद में दर्जनों X यूजर्स को नोटिस, MP अहमद की कंपनी के पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर संग कोलैब का राज खुलने से जुड़ा है मामला

पिछले साल भारत का मशहूर ज्वैलरी कंपनी मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ‘पाकिस्तान समर्थित’ गतिविधियों से विवादों में रही। एमपी अहमद के नेतृत्व में कंपनी ने पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर के साथ कोलैब किया था, जिसको उजागर करने वाले हिंदू कार्यकर्ता विजय पटेल को जेल भेजने की धमकी दी गई और उनका ‘एक्स’ अकाउंट भी बैन करवा दिया गया।

अब मालाबार कंपनी ने हिंदू कार्यकर्ता को सपोर्ट करने वाले ‘एक्स’ यूजर्स को टारगेट करना शुरू कर दिया है। कोर्ट में लंबित इस मामले के अधीन ‘एक्स’ ने उन यूजर्स को ई-मेल के जरिए नोटिस भेजा है। ये नोटिस Mr Sinha, UnSubtleDesi, MeghUpdates, StringReveals नाम के दर्जनों ‘एक्स’ अकाउंट्स को भेजे गए हैं।

‘एक्स’ यूजर MrSinha नोटिस का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। नोटिस में कहा गया, ‘एक्स’ को बॉम्बे हाई कोर्ट में एक सिविल केस की जानकारी मिली है। यह केस मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स लिमिटेड बनाम मेटा प्लैटफॉर्म और अन्य के नाम से दर्ज है। इस केस में कहा गया कि आपके ‘एक्स’ अकाउंट पर किए गए कुछ पोस्ट भारत के कानूनों का उल्लंघन करते हैं। नोटिस में इन पोस्ट को हटाने के लिए भी कहा गया है।

इस नोटिस पर Mr Sinha ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संज्ञान की अपील की है। उन्होंने कहा कि मालाबार गोल्ड अपने पैसो की ताकत का इस्तेमाल करके हिंदुओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इसे खुली ‘दादागिरी’ बताया है।

पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर के साथ मालाबार का कोलैब

दरअसल, यह विवाद मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के उस प्रमोशन वीडियो का है, जिसमें पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर अलीश्बा खालिद को फीचर किया गया था। अलीशबा खालिद अपने इंस्टाग्राम पर अक्सर भारत की आलोचना करते हुए पोस्ट डालती है। ऑपरेशन सिंदूर पर भी अलीश्बा ने पोस्ट किया था, जिसमें अलीश्बा ने ऑपरेशन सिंदूर को ‘कायरतापूर्ण कृत्य’ करार दिया।

अलीश्बा के इन भारत-विरोधी पोस्ट के कारण मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स की सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई। लोग ‘बॉयकॉट मालाबार’ ट्रेंड करने लगे क्योंकि कंपनी ने एक ऐसी पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर के साथ कोलौब किया, जो अक्सर भारत के खिलाफ पोस्ट डालती है। इन आलोचकों में सबसे ऊपर हिंदू कार्यकर्ता विजय पटेल का नाम सामने आया। विजय पटेल ने अलीश्बा के इन भारत-विरोधी पोस्ट के साथ मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स की ‘पाकिस्तानी समर्थित’ गतिविधि का खुलासा किया।

सोशल मीडिया की कड़ी आलोचना के बाद मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स कंपनी ने सार्वजनिक रूप से माफी माँगने के बजाए बॉम्बे हाई कोर्ट में मानहानि केस दर्ज किया। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपने खिलाफ किए गए ‘अपमानजनक’ कंटेंट को हटाने की माँग के लिए कोर्ट में मुकदमा दाखिल किया।

मालाबार गोल्ड एंड डायमंड की इन दलीलों को सुनकर हाई कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी किया, जिसमें इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सऐप और एक्स (X) से सभी ‘अपमानजनक’ पोस्ट को हटाने को कहा गया और आगे ऐसे किसी भी कंटेंट पर भी रोक लगा दी गई। अब इसी क्रम में उन सोशल मीडिया अकाउंट्स को ‘एक्स’ की ओर से नोटिस भेजे गए हैं।