विपदा में पांडव कुमार के परिवार का सहारा बने CM सम्राट चौधरी, बिहार सरकार देगी ₹8 लाख: चिराग की पार्टी ने ₹2 लाख की मदद दी, दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल ने मार दी थी गोली

दिल्ली के द्वारका में खगड़िया के रहने वाले 23 साल के मजदूर पांडव कुमार की दिल्ली पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई है। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है। सरकार और नेताओं ने इस कार्रवाई को गलत बताया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने और दोषियों को सजा देने का पूरा भरोसा दिया है।

इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार को कुल 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसमें बिहार सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 8 लाख रुपए देने का ऐलान किया है।

इसके अलावा, लोजपा (रामविलास) की ओर से सांसद राजेश वर्मा ने परिवार से मुलाकात की और पार्टी की ओर से 2 लाख रुपए की अलग से मदद दी है। इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से कड़ी शिकायत की गई है।

माँग की गई है कि जिन पुलिसवालों ने गोली चलाई, उन पर सख्त कार्रवाई हो। नेताओं का कहना है कि पुलिस को इस तरह कानून हाथ में लेने का हक नहीं है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री से भी मुलाकात की जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है।