PM मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कॉल में शामिल थे एलन मस्क, NYT की रिपोर्ट में बड़ा दावा: मिडिल ईस्ट संकट पर हुई चर्चा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मंगलवार (24 मार्च 2026) को हुई एक अहम फोन वार्ता ने अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। अब न्यूयॉर्क टाइम की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इस बातचीत में एलन मस्क भी शामिल थे।

न्यूयॉर्क टाइम की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एलन मस्क इस हाई-लेवल कॉल में शामिल थे। हालाँकि, इन अधिकारियों ने अपनी पहचान जाहिर नहीं की क्योंकि उन्हें सार्वजनिक रूप से इस विषय पर बोलने की अनुमति नहीं थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क इस कॉल पर क्यों मौजूद थे, या उन्होंने बातचीत में हिस्सा लिया था या नहीं। अमेरिकी और भारतीय अधिकारियों के अनुसार, यह कॉल मध्य-पूर्व में गहराते संकट, विशेष रूप से ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पर ईरानी सेना के नियंत्रण के विषय पर केंद्रित थी। इस स्ट्रेट से होने वाले समुद्री यातायात के रुक जाने के कारण दुनिया भर में ऊर्जा की कीमतें आसमान छू रही हैं और शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल मची हुई है।

वहीं, व्हाइट हाउस ने की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने इस बातचीत को लेकर कहा कि दोनों नेताओं के बीच सार्थक बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच मजबूत संबंध हैं। लीविट ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच अच्छे संबंध हैं और यह एक सार्थक बातचीत थी।”