‘जेठानी से हैं पति के संबंध, जेठ करता है रेप’: दहेज में SUV ना देने पर कॉन्स्टेबल पत्नी को जबरन पिलाया सैनिटाइजर, UP पुलिस ने सास-ससुर समेत 7 पर किया केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में तैनात एक 27 साल की महिला कॉन्स्टेबल ने अपने पति और ससुराल के छह अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का संगीन आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर रविवार (7 दिसंबर 2025) रात को FIR दर्ज कर ली गई है।

महिला कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया है कि SUV कार न देने पर उसे जबरन सैनिटाइजर पिलाया गया और उसके साथ बार-बार छेड़छाड़ और रेप भी किया गया। उसका पति भी गौतम बुद्ध नगर में यूपी पुलिस का कॉन्स्टेबल है।

दहेज और क्रूरता के आरोप

महिला कॉन्स्टेबल की शादी 26 जनवरी 2023 को हुई थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने शादी में लगभग 50 लाख रुपए खर्च किए थे और कार, जेवर भी दिए थे। लेकिन, ससुराल वाले लगातार SUV कार की माँग कर रहे थे। मना करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर को महिला ने अपने पति को उसकी भाभी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। इसके बाद, उसे जबरदस्ती सैनिटाइजर पिला दिया गया। तबीयत बिगड़ने पर उसके माता-पिता ने उसे मेरठ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका गहन इलाज चला।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के बड़े भाई ने कई बार उससे छेड़छाड़ की और 5 अक्टूबर को मेरठ में बंदूक की नोक पर कथित तौर पर रेप किया। इस घटना को लेकर खरखौदा थाने में भी FIR दर्ज कराई गई थी।

बेटा हो इसके लिए दवा लेने का दबाव

महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले बेटा चाहते थे। इसके लिए उस पर ‘भ्रूण परिवर्तन’ की दवाएँ लेने का दबाव डाला गया। जब उसने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। इसी वजह से उसके नवजात बेटे को जन्म के बाद दौरे पड़ने लगे।

बिसालपुर कोतवाली SHO ने बताया कि महिला के पति, सास-ससुर, दो जेठ और उनकी पत्नियों समेत 7 लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 (क्रूरता), 352, 351(3) और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जाँच के बाद कुछ और धाराएँ भी जोड़ी जा सकती हैं। महिला ने कहा कि बच्चे के लिए उसने बहुत सहा, लेकिन पति अब तलाक की धमकी देने लगा है।