बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने कर्नाटक के तटीय क्षेत्र में पूजनीय चावुंडी दैव परंपरा का अपमान किया है और हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाई है। उन्होंने ‘कांतारा चैप्टर 1’ के मशहूर सीन की नकल की थी, जिसमें ऋषभ शेट्टी पर दैव का आना दिखाया गया है।
यह शिकायत बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, घटना 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के समापन समारोह के दौरान हुई, जहाँ रणवीर अपनी आगामी फिल्म ‘धुरंधर’ का प्रचार कर रहे थे।
रणवीर सिंह ने फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के एक प्रसिद्ध दृश्य की नकल करते हुए पंजुरली और गुलिगा दैव की भाव-भंगिमाएँ दोहराईं और चावुंडी दैव को ‘महिला भूत’ कह दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि चावुंडी दैव तटीय कर्नाटक में रक्षक देवी के रूप में पूजनीय हैं और उन्हें भूत कहना अपमानजनक है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कोर्ट में भेज दिया है। मामले की सुनवाई 8 अप्रैल 2026 को होगी। वहीं रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर माफी माँगते हुए कहा है कि उनका उद्देश्य केवल ऋषभ शेट्टी की तारीफ करना था।

