फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार (17 फरवरी 2026) को अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर पहुँच गए हैं। राष्ट्रपति ने अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुंबई जाएँगे। दोनों नेताओं के बीच AI और रणनीतिक सहयोग की चर्चा होगी। फ्रांस के साथ 114 राफेल विमानों की डील भी हो सकती है।
इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी को मुंबई एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के गवर्नर आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रिसीव किया। बता दें कि यह मैक्रों की चौथी भारत यात्रा है। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारत के लिए रवाना होने के बाद मैक्रों ने लिखा, “भारत के लिए रवाना! मुंबई से नई दिल्ली तक तीन दिन का सफर, हमारी रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए।”
En route to India!
— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) February 16, 2026
Three days from Mumbai to New Delhi to take our strategic partnership even further.
On board with me: business leaders and the economic, industrial, cultural and digital players who give real, tangible life to the ties between India and France.… pic.twitter.com/k3Q9fSckWs
उन्होंने आगे कहा, “मेरे साथ हैं व्यापारिक नेता और आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और डिजिटल क्षेत्र के वो सभी लोग जो भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को वास्तविक और ठोस रूप देते हैं। साथ मिलकर हम अपने सहयोग को औऱ आगे बढ़ाएँगे। कल मिलते हैं, मेरे प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।”
वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति को रिसीव करने के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की दिशा में! फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का हर्दिक स्वागत। मुंबई हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।”
Towards a stronger India-France strategic partnership!
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) February 16, 2026
Warm welcome to the President @EmmanuelMacron of the French Republic. He was warmly received by Governor of Maharashtra and Gujarat Shri Acharya Devvrat @ADevvrat at the Mumbai airport.
During the visit, PM @narendramodi… pic.twitter.com/s7ICeMYeA5
उन्होंने आगे कहा, “इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता 2026 को नवाचार वर्ष घोषित करेंगे। यह यात्रा भारत-फ्रांस की जीवंत रणनीतिक साझेदारी को और गति प्रदान करेगी।”
AI और उन्नत तकनीकों पर होगी बात
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंगलवार (17 फरवरी 2026) को मुंबई में राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात करने पहुँचेंगे। इस मुलाकात में दोनों नेता भारत और फ्रांस के बीच चल रही रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आगे के सहयोग की रूपरेखा तय करेंगे।
मंगलवार दोपहर को लोक भवन में होने वाली इस बैठक में अब तक दोनों देशों के बीच हुए कामों का जायजा लिया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन नए क्षेत्रों में मिलकर आगे बढ़ा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बातचीत में खासतौर पर AI और नई उन्नत तकनीकों पर सहयोग बढ़ाने की बात हो सकती है।
इसके अलावा दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र जैसे अहम विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इससे यह भी साफ होगा कि नई दिल्ली और पेरिस के बीच रणनीतिक समझ लगातार मजबूत हो रही है।

