गोवा के नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद क्लब के मालिक सौरभ लूथरा (40) और गौरव लूथरा (44) देश छोड़कर थाईलैंड के फुकेत भाग गए हैं। अब इस मामले में दोनों को वापस लाने की तैयारी की जा रही है। गोवा पुलिस के कहने पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। साथ ही, इंटरपोल के जरिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोवा पुलिस, CBI की इंटरपोल डिवीजन के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि दोनों आरोपियों की लोकेशन, उनकी गतिविधियों और उनकी गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि घटना के तुरंत बाद आरोपितों का विदेश भागना यह दिखाता है कि वे जाँच से बचने की नीयत से देश छोड़कर भागे।
वहीं, मजिस्ट्रियल जाँच में सामने आया कि क्लब का ट्रेड लाइसेंस मार्च 2024 में ही समाप्त हो चुका था लेकिन इसके बावजूद क्लब लगातार चल रहा था। स्थानीय पंचायत के सरपंच ने बिजली और पानी कनेक्शन, हाउस रिपेयर और ट्रेड लाइसेंस सहित कई महत्वपूर्ण कागजों पर खुद साइन किए थे। ऐसी कई प्रशासनिक चूक को आधार बनाकर भई जाँच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भीषण आग बीते रविवार (7 दिसंबर 2025) को लगी थी, जब क्लब में देर रात पार्टी चल रही थी। आग किस वजह से फैली इसका सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 25 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गोवा में हाल के वर्षों में यह सबसे बड़ा आग हादसा माना जा रहा है।

