ग्रेटर नोएडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ मुस्लिम युवक एक कार सवार युवक और युवती को बेसबॉल बैट से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपितों शाहरुख और अजीम को गिरफ्तार किया।
यह पूरी घटना केवल हॉर्न बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद से शुरू हुई थी। फरार अन्य आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। यह घटना 14 फरवरी की है, जब आरोपित रिहायशी इलाके में युवक की कार के पीछे लगातार हॉर्न बजा रहे थे।
ओवरटेक करने के बाद आरोपितों ने पीड़ित की गाड़ी रोकी और हमला कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि जब युवती बचाव करने आई, तो आरोपितों ने उसके बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटा और कपड़े तक फाड़ दिए।
पीड़ितों को गंभीर चोटें आई हैं और वे अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना के विरोध में कई हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर आरोपितों पर हत्या के प्रयास जैसी सख्त धाराएँ लगाने की माँग की है। पुलिस ने फिलहाल गैर-इरादतन हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

