गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने विधानसभा में लव जिहाद और धोखे से होने वाली शादियों को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि पहचान छिपाकर हमारी बेटियों को फँसाने वालों को सरकार ऐसा सबक सिखाएगी कि वे दोबारा किसी से बात करने लायक नहीं बचेंगे।
गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, “अगर कोई ‘सलीम’ खुद को ‘सुरेश’ बताकर हमारी बेटियों को धोखा देगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।” इसके साथ ही सरकार ने भागकर शादी करने वालों के लिए विवाह पंजीकरण (मैरिज रजिस्ट्रेशन) के नियमों को और कड़ा करने का फैसला किया है।
विधानसभा में हर्ष संघवी ने कहा कि सरकार प्रेम के खिलाफ नहीं है, लेकिन धोखे और फर्जी पहचान के नाम पर होने वाले खेल को बर्दाश्त नहीं करेगी। अब नए नियमों के तहत शादी के पंजीकरण के समय दोनों पक्षों की पहचान, उम्र और सहमति की गहराई से जाँच होगी।
सरकार इस प्रक्रिया में माता-पिता की जानकारी और उनकी भूमिका को भी प्राथमिकता देगी। गृह मंत्री ने बताया कि पहचान छिपाकर युवतियों को फँसाने के मामले बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए खतरनाक हैं। इसलिए अब सामाजिक संगठनों और जानकारों के सुझावों पर नियमों में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।

