जामनगर में कॉन्ग्रेस नेता अल्ताफ खाफी के अवैध फार्महाउस पर चला बुलडोजर, 1200 वर्गफुट सरकारी जमीन हुई समतल: पार्षदी के चुनाव में है उम्मीदवार

गुजरात के जामनगर में प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्महाउस को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह फार्महाउस अल्ताफ खाफी से जुड़ा बताया जा रहा है, जो मौजूदा नगर निगम चुनाव में कॉन्ग्रेस उम्मीदवार भी हैं। प्रशासन के अनुसार, यह निर्माण करीब 1,200 वर्ग फुट सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था।

पहले नोटिस जारी कर स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समयसीमा में कार्रवाई न होने पर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच बुलडोजर चलाकर इसे हटाया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस कार्रवाई और गैंग पर शिकंजा

अल्ताफ खाफी इस समय पुलिस हिरासत में हैं। उन्हें इसी महीने उनके सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया था और राजकोट की विशेष अदालत ने 23 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने अल्ताफ खाफी और अस्लम खिलजी गैंग के खिलाफ Gujcotc Act के तहत बड़ा अभियान चलाया है। इस मामले में कुल 29 आरोपितों को नामजद किया गया है। कई आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अबू सुफियान और उस्मान खाफी समेत कुछ आरोपित अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में आरोपितों से जुड़ी अन्य अवैध संपत्तियों पर भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है।

एक ही वार्ड से दोनों दलों ने उतारे आरोपित उम्मीदवार

जामनगर नगर निगम चुनाव में एक चौंकाने वाला राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहाँ कॉन्ग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ने एक ही वार्ड से Gujcotc Act के आरोपितों को उम्मीदवार बनाया है। वार्ड नंबर 12 से अल्ताफ खाफी कॉन्ग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अस्लम खिलजी आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी हैं।

दोनों नेता पहले पार्षद रह चुके हैं और फिलहाल एक ही संगठित अपराध मामले में जेल में बंद हैं। ऐसे में एक ही वार्ड से दोनों प्रमुख दलों द्वारा आरोपित उम्मीदवार उतारे जाने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।