₹35000 करोड़ का निवेश और लाखों नौकरियाँ: गाँधीनगर के खोराज में दूसरा प्लांट लगाएगी मारुति सुजुकी

गुजरात के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड गाँधीनगर के खोराज क्षेत्र में अपना दूसरा बड़ा प्लांट स्थापित करने जा रही है। इस परियोजना में कंपनी करीब 35 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इस परियोजना के लिए निवेश पत्र सौंपने का कार्यक्रम 17 जनवरी को गाँधीनगर में आयोजित किया गया और इसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद रहे।

यह प्लांट सालाना करीब 10 लाख कारों का उत्पादन करने में सक्षम होगा। इसके साथ ही राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह प्लांट न केवल उत्पादन के लिहाज से अहम होगा बल्कि रोजगार सृजन के मामले में भी एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।

कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से लगभग 12 हजार लोगों को सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा जबकि इससे जुड़े सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स, सर्विस और अन्य सहायक क्षेत्रों में करीब 7.5 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे गाँधीनगर समेत आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है।

मारुति सुजुकी का यह प्रस्तावित प्लांट हंसलपुर के बाद कंपनी की दूसरी बड़ी इकाई होगी, जो हंसलपुर से करीब 66 किलोमीटर की दूरी पर स्थित खोराज में विकसित की जाएगी। कंपनी इसे विश्वस्तरीय प्लांट के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है, जहाँ आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता के मानकों के तहत वाहनों का उत्पादन किया जाएगा।

निवेश पत्र सौंपने के इस कार्यक्रम में राज्य सरकार और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के बीच औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ मारुति सुजुकी के मैनेजिंग डायरेक्टर हिताशी ताकेउची भी उपस्थित रहे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और मारुति सुजुकी के शीर्ष अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।