पटना के ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसका शव एक गेस्ट हाउस से बरामद किया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मौत का कारण ब्रेन हैमरेज बताया जा रहा है।
प्रिंस यादव 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में दर्ज एफआईआर में नामजद आरोपित था। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल में रह रहा था। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।
उधर, खान सर की कोचिंग पर हुए बवाल के मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद पहले से जेल में बंद हैं। इस मामले में खान सर की ओर से दर्ज एफआईआर में प्रिंस यादव समेत कई लोगों पर गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामा करने का आरोप लगाया गया था।
प्रिंस यादव की मौत की खबर के बाद पटना में माहौल संवेदनशील हो गया है। एहतियातन पीरबहोर और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस नेपाल में हुई घटना की जाँच में जुटी है।

