अर्धकुंभ मेले से पहले हरिद्वार नगर निगम ने शहर को पूरी तरह मांस की दुकानों से मुक्त करने का बड़ा फैसला लिया है। मेयर किरण जायसवाल के मुताबिक, शहर की सभी लाइसेंसी और अवैध मीट दुकानों को सराय गाँव में शिफ्ट किया जाएगा।
इसके लिए निगम ने सराय गाँव में 57 दुकानों का कॉम्प्लेक्स तैयार कर लिया है। यह कदम श्रद्धालुओं की आस्था और शहर की धार्मिक पवित्रता को बनाए रखने के लिए उठाया गया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि 1935 के नियमों के तहत हर की पौड़ी के 5 किलोमीटर के दायरे में पहले से ही मांस-मदिरा पर रोक थी।
अब इस प्रतिबंध को पूरी शहरी सीमा में विस्तार देने के लिए उपनियमों में संशोधन का प्रस्ताव पारित किया गया है। अब कच्चे मांस की बिक्री पूरी तरह शहर से बाहर होगी ताकि मेले के दौरान व्यवस्था बनी रहे।

