एआई इम्पैक्ट समिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस पकड़ने में जुटी है। इसके लिए अलग-अलग राज्यों में भी दबिश दी जा रही है। शिमला के पास रोहड़ू से 3 यूथ कॉन्ग्रेस के युवकों को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा और दिल्ली लेकर आ रही थी। इस दौरान कॉन्ग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के सोलन में हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को हिरासत में ले लिया।
हिमाचल पुलिस सोलन के धर्मपुर में नाका लगाकर हिरासत में लिए गए तीनों युवकों को छुड़ाया। इस नाके पर शिमला की तरफ से आने वाले हर वाहन की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने न सिर्फ यूथ कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ताओं को छुड़ाया बल्कि उसे हिरासत में लेकर जा रहे दिल्ली पुलिसकर्मियों को भी हिरासत में ले लिया।
इस मामले में अब हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए यूथ कॉन्ग्रेस के तीनों कार्यकर्ताओं को हिमाचल पुलिस ने शिमला की जिला अदालत में पेश किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

