हिमाचल में पहाड़ से भरभरा कर बस पर गिरी चट्टान, 15 की मौत: 2 बच्चे बचाए गए, मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की मदद का PM मोदी ने किया ऐलान

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक भयानक सड़क हादसा हुआ है। भल्लू इलाके में बस पर पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। यह दुर्घटना मंगलवार (7 अक्टूबर 2025) की शाम को हुई। बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। बस में कुल 18 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहाड़ का हिस्सा अचानक बस पर गिरा। इसके बाद यात्रियों को बचने का मौका नहीं मिल पाया।

कितने लोगों की गई जान?

जानकारी के अनुसार, बचाव दल ने मलबे से अब तक 15 शव निकाले हैं। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग भी शामिल हैं। वे सभी एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे। इस हादसे में दो बच्चों को जिंदा बचा लिया गया है। वहीं, एक बच्चा अभी भी लापता है। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में लगे हैं।

पीएम मोदी ने की आर्थिक मदद की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक मदद का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपए की मदद मिलेगी।