बंगाल में हिंदू आस्था पर हमला, ‘जिहादियों’ ने काटा भगवान राम की मूर्ति का सिर: राम नवमी के लिए बनी थी प्रतिमा

पश्चिम बंगाल में हिंदू आस्था पर हमले का एक और मामला सामने आया है। राम नवमी के लिए तैयार की जा रही भगवान राम की एक मूर्ति को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना नंदीग्राम के ब्लॉक-2 के वेटुरिया बस स्टैंड की है जहाँ लगभग तैयार हो चुकी मूर्ति का सिर काटकर रात में चोरी कर लिया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, काम खत्म होने के बाद मूर्ति को वहीं बस स्टैंड पर छोड़ दिया गया था। जब अगली सुबह कारीगर लौटे तो उन्होंने देखा कि मूर्ति का सिर गायब है। कई लोगों ने इस घटना को सनातन हिंदू आस्था पर हमला बताया है।

नंदीग्राम के विधायक और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि राज्य में हिंदू मंदिरों और मूर्तियों पर हमले अब आम हो गए हैं। इसके लिए उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार की ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ और प्रशासन की ‘शर्मनाक निष्क्रियता’ को जिम्मेदार ठहराया।

अधिकारी ने आरोपितों को ‘जिहादी’ बताते हुए सभी सनातनियों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य की मौजूदा सरकार को विदाई दी जाए वरना पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की स्थिति और खराब हो सकती है।

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

नंदीग्राम आने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले एक बेहद संवेदनशील सीट बनी हुई है। यह इलाका 2007 के भूमि आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। तब से यहाँ सत्तारूढ़ TMC और बीजेपी के बीच कड़ी राजनीतिक टक्कर बनी हुई है। 2021 के चुनाव में ममता बनर्जी को यहाँ से सुवेंदु अधिकारी ने हराया था?हालाँकि, बाद में ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से जीत हासिल कर ली थी।