दोस्त को बचाने गए हिंदू छात्र को मुस्लिम लड़कों ने पीट-पीटकर मार डाला: इंसाफ न मिलने पर परिवार ने दी सुसाइड की धमकी, पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया

कर्नाटक के शिवमोगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ उर्गादुर इलाके में सोमवार (23 फरवरी 2026) रात को 16 साल के एक हिंदू छात्र संकेत की मुस्लिम नाबालिगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।

संकेत 10वीं कक्षा का छात्र था और अपने दोस्त गिरीश को मुस्लिम समुदाय के कुछ लड़कों के हमले से बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उस पर हमला हुआ और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

क्या है पूरी घटना?

पुलिस के अनुसार, हिंदू युवक संकेत सुलेबैलू का रहने वाला था। सोमवार (23 फरवरी) रात करीब 8 बजे वह स्कूल में एक्स्ट्रा क्लास अटेंड करने के बाद घर लौट रहा था। स्कूल के पीछे एक खुले मैदान में कुछ मुस्लिम नाबालिगों का समूह उसके दोस्त गिरीश के साथ मारपीट कर रहा था।

हिंदू युवक संकेत बीच-बचाव करने पहुँचा तो मुस्लिम लड़कों ने संकेत के सीने, चेहरे और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। संकेत वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम बेटे की मौत से टूटा परिवार

संकेत की माँ का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि संकेत पढ़ाई में बहुत होनहार था और हाल ही में उसने अच्छे अंक हासिल किए थे। सोमवार (23 फरवरी) को भी वह सुबह 5 बजे उठकर पढ़ाई कर रहा था।

घर से निकलते वक्त उसने माँ और दादी को दो बार ‘बाय’ कहा था, किसे पता था कि वह कभी लौटकर नहीं आएगा। संकेत की बहन सुप्रिया ने आरोप लगाया है कि इलाके में नशे (गांजा) का आतंक बढ़ गया है और इसी वजह से ऐसी घटनाएँ हो रही हैं।

इंसाफ नहीं मिला तो कर लेंगे खुदकुशी

संकेत के परिवार ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। बहन सुप्रिया ने कहा कि अगर सभी छह आरोपितों को कड़ी सजा नहीं मिली, तो उनका पूरा परिवार सुसाइड कर लेगा। एसपी बी निखिल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस ने तुंगा नगर थाने में केस दर्ज कर लिया है और बाकी फरार आरोपितों की तलाश जारी है।