उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ ‘I Love Muhammad’ से जुड़ा विवाद अब पंजाब के जालंधर तक पहुँच गया है। शुक्रवार (3 अक्टूबर 2025) की शाम को जालंधर में एक हिंदू युवक के साथ ‘जय श्री राम’ बोलने पर इस्लामिक कट्टरपंथियों ने मारपीट की। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया और विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए।
क्या हुआ था?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (3 अक्टूबर 2025) शाम लगभग 4 बजे ऑल इंडिया उलेमा काउंसिल के चेयरमैन मोहम्मद अकबर अली के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोग कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे। उनका कहना था कि वे देशभर में मुस्लिम समुदाय के साथ हो रहे कथित भेदभाव और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। इस दौरान ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगाए जा रहे थे।
इसी बीच, एक स्कूटी सवार युवक, योगेश, वहाँ से गुजर रहा था। योगेश का कहना है कि उसने जवाब में ‘जय श्री राम’ कहा, तो कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। उसकी स्कूटी की चाबी छीन ली गई और मारपीट की कोशिश हुई।
योगेश ने आरोप लगाया कि उससे जबरदस्ती ‘अल्लाह हू अकबर’ कहने के लिए कहा गया और धमकी दी गई कि अगर उसने ऐसा नहीं कहा तो उसे जान से मार दिया जाएगा। योगेश का दावा है कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ लेकिन किसी ने उसे नहीं बचाया।
मौके पर बढ़ा तनाव
घटना के तुरंत बाद वहाँ दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। एक तरफ ‘जय श्रीराम’ और दूसरी ओर ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगने लगे। माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके विरोध में हिंदू संगठनों ने प्रेस क्लब चौक पर प्रदर्शन किया और फिर बीएमसी चौक पर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
पुलिस ने क्या किया?
पुलिस ने इस मामले में योगेश की शिकायत पर मुस्लिम समाज से जुड़े अयूब खान, नमीन खान और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीसीपी नरेश डोगरा ने कहा कि कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंदू संगठनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए शनिवार सुबह 11 बजे तक का समय दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है।

