पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले TMC से निष्कासित हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी (JUP) में हिंदू उम्मीदवार को जगह देने को तैयार नहीं हैं। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बालीगंज सीट से घोषित उम्मीदवार निशा चटर्जी का नाम वापस ले लिया गया है।
निशा चटर्जी ने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर ने उनकी हिंदू पहचान के चलते पार्टी से निकाला है। मीडिया से बातचीत में निशा चटर्जी ने कहा, “मुझे इसलिए पार्टी से निकाल दिया गया क्योंकि मैं हिंदू हूँ। अगर उनकी पार्टी धर्मनिरपेक्ष होती, तो क्या ऐसा होता? मैंने उनकी बाबरी मस्जिद योजना का समर्थन किया था। तो फिर उन्होंने मेरे साथ ऐसा क्यों किया।”
निशा चटर्जी ने उनकी छवि को धूमिल करने के लिए हुमायूं कबीर के खिलाफ कोर्ट तक जाने की बात कही है। वहीं हुमायूं कबीर ने सफाई देते हुए कहा कि बालीगंज में 49 प्रतिशत मुस्लिम हैं, इसीलिए मुस्लिम पूर्व पुलिस अधिकारी हसन को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा हुमायूं कबीर ने निशा चटर्जी के सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भी आपत्ति जताई।

