हैदराबाद की एक हिंदू महिला ने अपने मुस्लिम शौहर नवाज, जो खुद को नवदुर्गा बताकर उसके करीब आया था, पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि नवाज ने पहले हिंदू बनकर उसका भरोसा जीता, फिर शादी के बाद जबरन धर्मांतरण कराया और उसका नाम नजीरा रख दिया।
इतना ही नहीं उसे बीफ खाने पर मजबूर किया, उसके साथ रेप किया और आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करते हुए लाखों रुपए की ठगी की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि पूरे मामले में आरोपित के परिवार और दोस्तों की भी मिलीभगत है और पुलिस में शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात नवाज से मई 2021 में हुई थी, जब उसने NoBroker पर अपनी दुकान किराए पर देने का विज्ञापन डाला था। 18 मई को नवाज दुकान देखने आया और खुद को हिंदू बताते हुए अपना नाम नवदुर्गा बताया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस बात की पुष्टि की, जिससे महिला का भरोसा और बढ़ गया।
रिसॉर्ट में साजिश, बेहोश कर किया रेप और फिर ब्लैकमेल
महिला ने बताया कि 24 मई को नवाज उसे एक रिसॉर्ट ले गया, यह कहकर कि वहाँ उसके परिवार वाले मिलने आएँगे। लेकिन वहाँ पहुँचने के बाद कोई नहीं आया। नवाज ने उसे खाना और जूस पीने के लिए दबाव डाला, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। अगली सुबह उसे शरीर में दर्द महसूस हुआ और उसे शक हुआ कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
रिसेप्शन पर पूछताछ करने पर पता चला कि केवल एक ही कमरा बुक था। जब उसने नवाज से सवाल किया तो उसने कबूल किया कि उसने उसकी बेहोशी की हालत में उसके साथ जबरदस्ती की और उसकी तस्वीरें भी खींचीं। इन तस्वीरों के जरिए उसने महिला को ब्लैकमेल किया और शादी के लिए मजबूर किया।
धर्मांतरण, शारीरिक उत्पीड़न और जबरन गर्भपात का आरोप
पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद जब सच्चाई सामने आई तो उस पर धर्मांतरण का दबाव डाला गया। उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। अगस्त में एक इमाम को बुलाकर उसका जबरन धर्मांतरण कराया गया, उससे कलमा पढ़वाया गया और उसका नाम बदलकर नजीरा रख दिया गया।
महिला का आरोप है कि उसे जबरन बीफ खिलाया गया, जबकि वह शाकाहारी थी। विरोध करने पर उसे पीटा गया। इतना ही नहीं, उसे पूजा करने से रोका गया और उसके फोन सहित सभी डिवाइस छीन लिए गए। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि वह गर्भवती थी, लेकिन उसे जबरन दवाइयाँ देकर गर्भपात कराया गया।
25-30 लाख की ठगी, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप
महिला ने बताया कि नवाज और उसके परिवार ने उससे बिजनेस और जमीन के नाम पर करीब 25 से 30 लाख रुपए, सोना और अन्य संपत्ति ले ली। इसके अलावा उसके भाई ने ‘हवाला नोट’ का बहाना बनाकर उसे धमकाया कि अगर पैसे नहीं दिए तो ‘ओल्ड सिटी’ के लोग आकर उसे और उसके परिवार को मार देंगे।
पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि रेप केस की जगह सिर्फ मिसिंग केस दर्ज किया गया और आरोपित पुलिस अधिकारियों से मिलकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की है।

