हैदराबाद बिरयानी बेच रहे 3 रेस्टोरेंट चेन ने लगाया एक साल में ₹70,000 करोड़ का चूना, AI-डेटा टूल्स ने खोला राज: देशभर के करीब 1.7 लाख रेस्तरां का है कनेक्शन

हैदराबाद बिरयानी बेचने वाले तीन अहम चेन के खिलाफ जाँच के दौरान इनकम टैक्स विभाग को ₹70,000 करोड़ की टैक्सचोरी का पता चला है। ये लोग बिलिंग सॉफ्टवेयर से बिक्री की रिकॉर्ड मिटाने और बदलने के लिए खास ‘डिलीट बटन’ का इस्तेमाल करते थे।

हैदराबाद बिरयानी के तीन चेन पर टैक्स चोरी का हुआ शक

नवंबर 2025 में हैदराबाद बिरयानी की तीन चेन पर टैक्स चोरी का आरोप लगा। जाँच की शुरुआत आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के रेस्टोरेंट्स से हुई। अधिकारियों को अंदाजा लगा कि इन रेस्टोरेंट्स की कमाई जो कागज में दिख रही है, उससे काफी ज्यादा है। इसके बाद इनकम टैक्स विभाग ने तीनों ब्रांड के ठिकानों और उसके बड़े अधिकारियों के घर-दफ्तर में छापेमारी की। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक गजेट्स, मोबाइल, लैपटॉप की भी जाँच हुई। इसमें कई डिजिटल सबूत मिले।

जाँच में पता चला कि रेस्टोरेंट में एक खास तरह का सॉफ्टवेयर बिलिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता था, जिसमें ‘डिलीट’ फीचर था। ये पूरे महीने का डेटा हटाने में दुकानदार की मदद करता था। इसके अलावा बिलों में अपने हिसाब से दुकानदार फेरबदल कर सकता था। रेस्टोरेंट के अधिकारी इसका इस्तेमाल कम बिक्री दिखाने और टैक्स चोरी के लिए करते थे। जरूरत पड़ने पर बिल में कई बार फेरबदल भी किया जाता था।

एआई और डेटा टूल्स ने खोला राज

इनकम टैक्स विभाग से जुड़े विशेषज्ञों ने करीब 60 टेराबाइट डाटा और यूपीआई लेनदेन की समीक्षा की। इसके लिए एआई और डिजिटल लैब टूल्स का इस्तेमाल किया गया। रेस्टोरेंट के रिकॉर्ड्स और उनके जीएसटी नंबर और सार्वजनिक जानकारी को मिलाया गया। इसमें देशभर के करीब 1.7 लाख रेस्टोरेंट्स आ गए हैं। अनुमान के मुताबिक 2019-20 में करीब 70000 करोड़ की कमाई छुपाई गई और इसका टैक्स नहीं दिया गया। सिर्फ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ही 5000 करोड़ रुपए की बिक्री की जानकारी नहीं दी गई।

जाँच में पता चला है कि हजारों पैन कार्ड का इस्तेमाल कर रिकॉर्ड को छिपाया गया। यहाँ तक कि एक-एक पैन कार्ड पर 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी की गई। आयकर विभाग डिलीट किए गए डेटा को रिकवर कर उससे हुई कमाई का लेखा जोखा लगाने में जुटा हुआ है। जाँच पूरी होने पर कानूनी कार्रवाई किये जाने और जुर्माना लगाए जाने का अनुमान है।