बरेली की तर्ज पर मेरठ में हिंसा फैलाने वाले थे फैज-नफीस-आबिद-लुकमान, ‘I Love Muhammad’ पोस्टर लेकर रैली निकालने की थी साजिश: पुलिस ने चारों को दबोचा, मोबाइल फोन से मिली आपत्तिजनक सामग्री

उत्तर प्रदेश के मेरठ में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद के बाद एक और बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए शहर में रैली निकालने की योजना बना रहे चार इस्लामी कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम फैज, नफीस, आबिद, मोहम्मद लुकमान है।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि ये आरोपित शहर में पंपलेट और पोस्टर लेकर एक रैली निकालने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इस रैली का मकसद शहर का माहौल खराब करना था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करके इस साजिश को नाकाम कर दिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों के फोन से आपत्तिजनक सामग्री मिली है। इन सभी के खिलाफ सरूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जाँच में सामने आया है कि इस रैली को बरेली हिंसा की तर्ज पर मेरठ में भी अशांति फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा था।

पुराने मामले से जुड़ाव

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब कुछ ही दिन पहले मेरठ के मवाना कस्बे में ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लगाए जाने से हड़कंप मच गया था। उस समय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पोस्टर हटाए थे और पाँच लोगों (इदरीश, तस्लीम, रेहान, गुलफाम और हारून) के खिलाफ मामला दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की कड़ी निगरानी कर रही है और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।