भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार बनी विश्व चैंपियन, BCCI ने दिया ₹51 करोड़ का इनाम: देश भर में जश्न का माहौल, पीएम मोदी-अमित शाह-योगी ने दी बधाई

टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार महिला वनडे और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप जीतने पर 51 करोड़ रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है।

इससे पहले 2005 और 2017 के फाइनल में टीम को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। देवजीत सैकिया ने बताया कि 2019 से 2024 तक BCCI सचिव रहे जय शाह के नेतृत्व में महिला क्रिकेट में कई अहम बदलाव हुए हैं।

इनमें महिला खिलाड़ियों के लिए वेतन समानता (Pay Parity) लागू करना एक बड़ा कदम था। हाल ही में ICC चेयरमैन जय शाह ने महिला वर्ल्ड कप की इनामी राशि में 300 प्रतिशत की बढ़ोतरी की, जो 2.88 मिलियन डॉलर से बढ़कर 14 मिलियन डॉलर (करीब 123 करोड़ रुपए) हो गई।

देवजीत सैकिया ने कहा, “1983 में कपिल देव ने भारत को वर्ल्ड कप जिताकर क्रिकेट का नया युग शुरू किया था। आज हमारी महिला टीम ने वही इतिहास दोहराया है। हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने न केवल ट्रॉफी जीती है, बल्कि करोड़ों भारतीयों का दिल भी जीत लिया है। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों की महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बनकर दिखाया है। ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल जीतना ही इस सफर का सबसे बड़ा मोड़ था।”

दक्षिण अफ्रीका, जो रनर-अप रहा, उसे 2.24 मिलियन डॉलर (करीब 20 करोड़ रुपए) मिले, जबकि सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपए) दिए गए। 2022 में यह रकम सिर्फ 3 लाख डॉलर (करीब 2.7 करोड़ रुपये) थी।

इस बार टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 13.88 मिलियन डॉलर (लगभग 123 करोड़ रुपए) रही, जो 2022 में न्यूजीलैंड में हुए पिछले संस्करण की 3.5 मिलियन डॉलर (करीब 31 करोड़ रुपए) की तुलना में लगभग चार गुना ज्यादा है। दिलचस्प बात यह है कि यह रकम 2023 पुरुष वर्ल्ड कप (10 मिलियन डॉलर) से भी अधिक है।

ये ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैंपियनों को करेगी प्रेरित: पीएम मोदी

भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने टीम को बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर बधाई संदेश देते हुए लिखा, “आईसीसी महिला वनडे विश्व कप फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत। फाइनल में उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल व आत्मविश्वास से भरा रहा। टीम ने असाधारण टीम वर्क और दृढ़ता दिखाई। हमारी खिलाड़‍ियों को बधाई। ये ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैंपियनों को प्रेरित करेगी।”

गृहमंत्री अमित शाह ने भी टीम की तारीफ करते हुए लिखा, “यह देश के लिए एक गौरवशाली क्षण है, क्योंकि हमारी टीम ने आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतकर भारत का गौरव आसमान पर पहुँचा रही है। आपके शानदार क्रिकेट कौशल ने लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है। पूरी टीम को बधाई।”

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम को बधाई देते हुए लिखा, “ऐतिहासिक विजय… विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हार्दिक अभिनंदन! देश वासियों को हृदयतल से बधाई! आप सभी देश का गौरव हैं। भारत माता की जय।”

भारत की यह विजय सिर्फ एक खिताब जीतने की कहानी नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के नए युग की शुरुआत है। दशकों तक वर्ल्ड कप ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच ही घूमती रही थी। लेकिन अब 25 साल बाद हरमनप्रीत कौर की टीम ने इतिहास पलट दिया।