अमेरिका के टेक्सास में एक भारतीय मूल के हिंदू व्यक्ति को घर बेचने के लिए भगवान गणेश की मूर्ति को घर से बाहर निकालना पड़ा। ब्लूमबर्ग (Bloomberg) से बातचीत में व्यक्ति ने बताया कि ऐसा एक रीयल एस्टेट एजेंट ने उन्हें करने के लिए कहा था क्योंकि एजेंट का कहना था कि हिंदू धार्मिक तस्वीरों की वजह से उनका घर बेचना मुश्किल हो रहा है।
यह मामला तब सामने आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की H-1b वीजा को लेकर सख्त नीतियों की वजह से ब्लूमबर्ग ने टेक्सास के रीयल एस्टेट बूम को कमजोर होने को लेकर एक रिपोर्ट की। रिपोर्ट की हेडलाइन है- भारतीय कर्मचारियों पर H-1b से जुड़ी सख्ती ने टेक्सास के रियल एस्टेट बूम को कमज़ोर कर दिया है। रिपोर्ट में टेक्सास के डलास-फोर्ट वर्थ मेट्रो इलाके को ध्यान से दिखाया गया, जहाँ कैलिफोर्निया की 20 बड़ी कंपनियाँ शिफ्ट हुई हैं।
जब हिंदू व्यक्ति को भगवान गणेश की मूर्ति को घर से बाहर निकालना पढ़ा
इसी रिपोर्ट में एक कहानी सामने आई, जिसमें भारतीय मूल के रवि वविलाला नाम के हिंदू व्यक्ति बताते हैं कि कैसे उन्हें अपना घर बेचने को मजबूर होना पड़ा और इसके लिए उन्हें भगवान गणेश की मूर्ति को बाहर निकालने को कहा गया।
वे बताते हैं कि उनका परिवार 2023 में नॉर्थ कैरोलिना के शार्लेट आकर बसा था। लेकिन कुछ महीनों पहले ही उन्हें स्टेज-4 कैंसर हो गया, जिसकी वजह से उनकी नौकरी चली गई औऱ उन्होंने अपना घर बेचने का फैसला किया। लेकिन घर बेचने में भी इतनी परेशानियाँ झेलनी पड़ेंगी, ये शायद उन्हें नहीं मालूम था।
वे याद करते हुए बताते हैं कि कैसे खरीदार उनके घर आए और पाँच मिनट के भीतर ही चले गए। जब उन्होंने वजह जानने के लिए ब्रोकर से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि खरीदार उनके घर में रखी भगवान गणेश की मूर्ति को देखकर ऐसा कर रहे थे।
रवि कहते हैं, “वहाँ अभी भी बहुत सारी धार्मिक और निजी चीजें रखी थीं। हमें एहसास हुआ कि हर तरह के लोगों को आकर्षित करने के लिए हमें अपने घर को बहुत ही सामान्य बनाना होगा। हमने सब कुछ पैक कर लिया। हमने पास ही एक पब्लिक स्टोरेज एरिया किराए पर लिया और सारा सामान उस स्टोरेज रूम में रख दिया। हमें उन सभी यादों से खुद को अलग करना पड़ा जो हमने वहाँ बनाई थीं। अब तक, तीन महीनों में, सचमुच कोई ऑफ़र नहीं आया है। हम नुकसान उठाकर भी यह घर बेचने को पूरी तरह तैयार हैं।”
An Indian man in Texas was forced to remove a Ganesha idol from his home after a realtor told him that Hindu religious imagery made his home harder to sell amid rising anti-Indian sentiment pic.twitter.com/zNNtnSvox3
— Shashank Mattoo (@MattooShashank) June 22, 2026
वीडियो में रवि भगवान गणेश की मूर्ति को स्टोरेज एरिया से बाहर निकालते दिख रहे हैं और फिर मूर्ति के सामने दीया जलाते हैं। उनके हाव-भाव से साफ जाहिर था कि कैसे उन्हें जबरदस्ती अपने धार्मिक पहचान से अलग किया गया।

