‘अरुणाचल प्रदेश भारत का हिस्सा’: चीन में भारतीय व्लॉगर को 15 घंटे हिरासत में रखा, खाना भी नहीं दिया; देखें Video

यूट्यूब पर ‘ऑन रोड इंडियन’ नाम से मशहूर भारतीय व्लॉगर अनंत मित्तल को चीन में हिरासत में लिया गया। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने हिरासत का भयावह अनुभव साझा किया। अनंत मित्तल ने दावा किया कि उन्हें अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा बताने को लेकर पकड़ा गया।

यह मामला 16 नवंबर 2025 का है, जब वह चीन पहुँचे और अधिकारियों ने उन्हें लगभग 15 घंटे तक हिरासत में रखा। उन्हें हिरासत के दौरान लिए गए कुछ वीडियो क्लिप्स भी साझा किए हैं। अनंत मित्तल ने बताया कि हिरासत में उन्हें खाना और पानी भी नहीं दिया गया। यहाँ तक कि वॉशरूम जाने से भी रोका गया।

अनंत मित्तल ने वीडियो शेयर करते हुए साफतौर पर कहा, “मुझे किसी से कोई नफरत नहीं है। मैं बस सभी से प्यार करता हूँ और अपनी नजरों से इस दुनिया को आपके साथ साझा करता हूँ। मेरा किसी भी राजनीतिक एजेंडे से कोई संबंध नहीं है।”

व्लॉगर ने बताया कि यह वीडियो भारत वापस लौटने के बाद अपलोड किया है। वे अब सुरक्षित हैं। साथ ही उन्होंने अरुणाचल प्रदेश से जुड़ाव को लेकर भी खुलकर बात की। अनंत ने बताया कि तीन साल तक पूर्वोत्तर राज्यों नें रहकर पढ़ाई पूरी की है, इसीलिए वह उस इलाके से काफी जुड़े हुए हैं।

उन्होंने चीन में हिरासत में लिए गए अरुणाचल प्रदेश के नागरिक का समर्थन करते हुए एक वीडियो भी बनाई थी। वीडियो में व्लॉगर ने अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा बताया था। अनंत मित्तल का मानना है कि इसी के चलते उन्हें चीनी अधिकारियों ने हिरासत में लिया। अनंत मित्तल ने वीडियो में भारतीय दूतावास से भी मामले का संज्ञान लेने की माँग की है।

उन्होंने भारत लौटने के बाद यह भी साफ किया कि वह खुद की हिरासत वाले वीडियो को किसी के दबाव में आकर नहीं बना रहे हैं, बल्कि यह उनकी व्यक्तिगत भावनाएँ हैं जो वे अपने सब्सक्राइबर्स के साथ साझा करना चाहते हैं।