इंडिगो संकट के बीच एयरलाइन्स पर सख्त उड्डयन मंत्रालय, टिकटों की मनमानी कीमतें वसूलने पर लगाई लगाम: कहा- हालात स्थिर होने तक लागू रहेगी रोक

इंडिगो की हजारों उड़ाने रद्द होने के बाद एविएशन सेक्टर में स्थिति बेकाबू है और एयरलाइन्स ने टिकट के पैसे कई गुना तक बढ़ा दिए हैं। अब इस पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सख्ती दिखाते हुए एयरलाइन्स के मनमाना किराया ना वसूलने का सख्त आदेश दिया है। मंत्रालय ने कहा है कि यह स्थिति यात्रियों के साथ गलत है और ऐसे समय में एयरलाइन्स को फायदा नहीं कमाना चाहिए।

सरकार ने सभी एयरलाइंस को आदेश दिया है कि वे अब तय की गई किराया सीमा का पालन करें। यह नियम तब तक लागू रहेगा जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते। मंत्रालय ने कहा, “इसका मकसद बाजार में मूल्य का संतुलन रखना, संकटग्रस्त यात्रियों का शोषण रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि जिन नागरिकों को तत्काल यात्रा करने की आवश्यकता है, उन्हें इस अवधि के दौरान आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।”

सरकार किरायों की लगातार निगरानी करेगी और ऑनलाइन ट्रैवल वेबसाइटों पर भी नजर रखेगी। अगर कोई एयरलाइन नए नियमों का पालन नहीं करेगी तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय का कहना है कि यह कदम लोगों के हित में है ताकि कोई भी यात्री मजबूरी में अधिक पैसा देने के लिए मजबूर न हो।