अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर रविवार (21 जून 2026) को देशभर में अलग-अलग जगहों पर योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया और देशवासियों को संबोधित किया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के झाँसी किले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगाभ्यास किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने भी अलग-अलग स्थानों पर योग कार्यक्रमों में भाग लिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रखी गई है।
योग से बढ़ती है ऊर्जा और बीमारियों से लड़ने की क्षमता: मोदी
कोलकाता में लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने कहा कि योग लोगों को उम्र बढ़ने के बाद भी युवा, ऊर्जावान और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।
From physical wellness to inner peace, yoga enriches every aspect of life. Delighted to join this year’s celebrations in Kolkata. https://t.co/75UZECw8JR
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2026
मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि 40 साल की उम्र में हम 20 साल की उम्र से अधिक लचीले और 50 साल की उम्र में 30 साल की उम्र से अधिक ऊर्जावान बनें।
योग जोड़ता है पूरी मानवता को
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश और दुनिया योग के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ी हुई नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि विदेशों में 210 से अधिक भारतीय मिशन लगभग 2500 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। भारत में भी 100 प्रमुख सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम हुए हैं। उन्होंने कहा कि योग लोगों को जोड़ने और मानवता को एक करने की ताकत रखता है।
बंगाल की आध्यात्मिक विरासत का किया उल्लेख
मोदी ने कहा कि बंगाल संत रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, लाहिड़ी महाशय, महर्षि अरविंद और गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर की धरती है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि पर सामूहिक योग करना एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव है। साथ ही उन्होंने योग दिवस के अवसर पर चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की।
योगी, राजनाथ और अन्य नेताओं ने भी किया योगाभ्यास
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झाँसी किले से योग किया और कहा कि नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय दिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में… https://t.co/Rs4DuH1dOo
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 21, 2026
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिलांग में योगाभ्यास किया, जबकि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मनसुख मंडाविया और अभिनेता अक्षय कुमार भी योग कार्यक्रमों में शामिल हुए। प्रयागराज में संगम तट पर हजारों लोगों ने सामूहिक योग किया, जबकि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लिया।

