अमेरिका-इजरायल ने मिडिल ईस्ट का सबसे ऊँचा पुल उड़ाया, तेहरान और करज को जोड़ता था बी1 ब्रिज: ईरान पर जबरदस्त हमले से कई इलाकों में बिजली गुल

अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। अमेरिका ने 400 मिलियन डॉलर से बने मिडिल ईस्ट के सबसे ऊंचे बी1 ब्रिज को उड़ा दिया है। ये तेहरान और करज को जोड़ता है। अमेरिका के ताजा हमले के बाद कई इलाकों में बिजली गुल है।

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी तेहरान से करज शहर को जोड़ने वाले एक हाईवे पुल पर हुए हमले में कई लोग घायल हो गए हैं।

स्टील प्लांट बंद किए गए

ईरान के दो सबसे बड़े स्टील प्लांट, अहवाज शहर में खुजेस्तान स्टील कंपनी और मध्य इस्फहान प्रांत में मोबारकेह स्टील कंपनी का कहना है कि अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों के कारण उन्हें अपना काम बंद करना पड़ा है।

मोबारकेह स्टील कंपनी के मुताबिक, लगातार और बड़े पैमाने पर हुए हमलों के कारण उसकी उत्पादन लाइनें पूरी तरह से बंद हो गई हैं।

ईरान की ‘मीजान ऑनलाइन’ वेबसाइट के अनुसार, खुजेस्तान स्टील कंपनी को उम्मीद नहीं है कि वह बंद पड़ी यूनिट्स को कम से कम अगले छह महीनों तक फिर से शुरू कर पाएगी।