जुमे की नमाज के बाद साप्ताहिक अवकाश के चलते शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) को बांग्लादेश की सड़क पर आवाजाही कम थी। इसी बीच राजधानी ढाका के पुराना पल्टन इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। बैटरी चालित रिक्शा से ‘मुझे बचाओ, मुझे बचाओ’ की चीख सुनाई दी। जब रिक्शा रुका तो देखा गया कि उसमें बैठे एक व्यक्ति के सिर और कान से खून बह रहा था। यह व्यक्ति इंकिलाब मंचो का संयोजक शरीफ उस्मान हादी था, जिसे बेहद करीब से गोली मारी गई।
बता दें कि बांग्लादेश में शेख हसीना को सत्ता से हटाने में नेता शरीफ उस्मान हादी ने बड़ी भूमिका निभाई थी। भारत-विरोधी बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाला शरीफ उस्मान हादी आगामी आम चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवार है, लेकिन आम चुनावों की घोषणा के ठीक अगले दिन, शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) को अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियाँ चला दी।
‘ग्रेटर बांग्लादेश’ का मैप किया था शेयर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के कुछ घंटों पहले ही उस्मान हादी ने ग्रेटर बांग्लादेश का एक मैप शेयर किया था, जिसमें भारत का कुछ हिस्सा (7 सिस्टर्स) शामिल था। इस मैप पर सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया।

बता दें कि उस्मान हादी इस्लामी संगठन ‘इंकलाब मंच’ का प्रवक्ता है और चुनाव में ढाका से निर्दलीय उम्मीदवार भी है।
चलते रिक्शा में मारी गई गोली
घटना शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) दोपहर करीब 2:24 बजे बॉक्स कलवर्ट रोड, पुराना पल्टन में हुई। प्रत्यक्षदर्शी सज्जाद खान ने मीडिया को बताया कि उस्मान हादी फकीरापूल की ओर से बिजयनगर की तरफ बैटरी चालित रिक्शा में जा रहा था। उसके साथ रिक्शा में एक और व्यक्ति मौजूद था। तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए।
मोटरसाइकिल के पीछे बैठे व्यक्ति ने काले रंग की शॉल ओढ़ रखी थी। जैसे ही मोटरसाइकिल रिक्शा के बराबर आई, पीछे बैठे हमलावर ने बेहद नजदीक से उस्मान हादी के सिर पर गोली चला दी और दोनों हमलावर बिजयनगर की ओर फरार हो गए।
घायल अवस्था में ले जाया गया अस्पताल
गोली लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। उस्मान हादी जोर-जोर से मदद की गुहार लगा रहा था। रिक्शा रुकने पर आसपास के लोग जमा हो गए। उसके सिर और कान से खून सड़क पर टपक रहा था। गंभीर हालत में हादी को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एवरकेयर अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही हैं जाँच एजेंसियाँ
घटना के बाद पुलिस, रैपिड एक्शन बटालियन (RAB), CID, PBI और आर्मी मौके पर पहुँची। घटनास्थल को पीली टेप से घेर दिया गया और तीन स्थानों से खून के नमूने एकत्र किए गए। आसपास की इमारतों, खासकर डॉक्टर टावर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त कर ली गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो हेलमेट पहने लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर रिक्शा का पीछा करते हैं और पीछे बैठा व्यक्ति गोली चलाता है।
मोतिझील डिवीजन के वरिष्ठ सहायक पुलिस आयुक्त हुसैन मोहम्मद फराबी ने बताया कि हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए कई एजेंसियाँ संयुक्त रूप से काम कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उस्मान हादी पर हमला क्यों किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।

