पश्चिम बंगाल में एसटीएफ और पुलिस ने मिल कर पूर्वी बर्धमान में संयुक्त कार्रवाई करते हुए जैश ए मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद हामिद मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।
जाँच एजेंसियों ने आतंकी हामिद मंडल को बंगाल से सीएम शुभेंदु अधिकारी के आने जाने और उनकी गतिविधियाँ, दूसरे वीआईपी के आने जाने से जुड़ी गतिविधियाँ और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आतंकी हामिद के मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और घर से मिले दस्तावेजों से पता चला है कि वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बारे में जानकारी जुटा रहा था। यह भी शक है कि वह किसी हमले की साजिश रच रहा था।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने बर्धमान के रेनेसाँ हाउसिंग एरिया में छापेमारी कर उसे दबोचा। कोर्ट ने पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर भेज दिया है। जाँच एजेंसियों का कहना है कि आतंकी हामिद को कौन मदद कर रहा था उसके स्थानीय स्तर पर किस-किस से संबंध था। जैश के और कितने आतंकी इस काम में लगे हुए हैं जैसे सवाल उससे पूछे जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आतंकी हामिद पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका है और उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी संबंध हैं। उसकी गतिविधियों पर शक होने पर खुफिया विभाग की नजर थी।
मोहम्मद हामिद हावड़ा के पीलखाना क्षेत्र में कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था और दो महीने पहले ही बर्धमान आया था। जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद हामिद हर दो तीन महीने में अपना ठिकाना बदल लेता था। उसका आसपास के लोगों से बातचीत भी नहीं था। मोहम्मद हामिद की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जाँच एजेंसियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे हो सकते हैं। लेकिन इतनी जानकारी मिल चुकी है कि वह जैश ए मोहम्मद के सज्जाद भट का करीबी था। पुलवामा आतंकी हमले में सज्जाद भट का ही नाम सामने आा था। उसने हमले की जिम्मेदारी ली थी।
बीजेपी का कहना है कि टीएमसी और उससे पहले की सरकारों में बंगाल कट्टरपंथी इस्लामी ग्रुप का अड्डा बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यहाँ पहले ऐसे दहशतगर्दों को पनाह दी जाती थी, लेकिन अब बंगाल बदल चुका है और आतंकियों को यहाँ सुरक्षित ठिकाना नहीं मिल सकता।

