पश्चिम बंगाल में STF और पुलिस ने मिलकर पूर्वी बर्धमान में संयुक्त कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मोहम्मद हमीम मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। जाँच एजेंसियों ने आतंकी हमीम मंडल को बंगाल से CM शुभेंदु अधिकारी के आने जाने और उनकी गतिविधियाँ, दूसरे VIP के आने जाने से जुड़ी गतिविधियाँ और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आतंकी हमीम के मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और घर से मिले दस्तावेजों से पता चला है कि वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बारे में जानकारी जुटा रहा था। यह भी शक है कि वह किसी हमले की साजिश रच रहा था।
STF और स्थानीय पुलिस ने बर्धमान के रेनेसाँ हाउसिंग एरिया में छापेमारी कर उसे दबोचा। कोर्ट ने पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर भेज दिया है। जाँच एजेंसियों का कहना है कि आतंकी हमीम को कौन मदद कर रहा था उसके स्थानीय स्तर पर किस-किस से संबंध था। जैश के और कितने आतंकी इस काम में लगे हुए हैं जैसे सवाल उससे पूछे जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आतंकी हमीम पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका है और उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से भी संबंध हैं। उसकी गतिविधियों पर शक होने पर खुफिया विभाग की नजर थी।
मोहम्मद हमीम हावड़ा के पीलखाना क्षेत्र में कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था और दो महीने पहले ही बर्धमान आया था। जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद हमीम हर दो तीन महीने में अपना ठिकाना बदल लेता था। उसका आसपास के लोगों से बातचीत भी नहीं था। मोहम्मद हमीम की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जाँच एजेंसियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे हो सकते हैं। लेकिन इतनी जानकारी मिल चुकी है कि वह जैश-ए-मोहम्मद के सज्जाद भट का करीबी था। पुलवामा आतंकी हमले में सज्जाद भट का ही नाम सामने आा था। उसने हमले की जिम्मेदारी ली थी।
बीजेपी का कहना है कि टीएमसी और उससे पहले की सरकारों में बंगाल कट्टरपंथी इस्लामी ग्रुप का अड्डा बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यहाँ पहले ऐसे दहशतगर्दों को पनाह दी जाती थी, लेकिन अब बंगाल बदल चुका है और आतंकियों को यहाँ सुरक्षित ठिकाना नहीं मिल सकता।

