जम्मू-कश्मीर में सेना के 40 जवानों पर FIR, जानें- क्या है मामला

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ भारतीय सेना के करीब 40 जवानों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि सेना के जवानों ने अथोली पुलिस थाने में घुसकर पुलिस अधिकारियों के साथ मारपीट की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया है।

मामले में 17 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एन अरुण गाँधी, मेजर विकास शर्मा, नायब सूबेदार शंकर गुरखे समेत कई अन्य सैन्यकर्मियों के नाम शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार (24 जून 2026) को अथोली थाना क्षेत्र में हुई। FIR में दावा किया गया है कि 17 राष्ट्रीय राइफल्स के 30 से 40 जवान थाने में जबरन घुस गए और वहाँ मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला किया।

इस दौरान थाना प्रभारी अमृत कटोच, SDPO विजय कुमार भगत और अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस का आरोप है कि हमलावरों ने कई सरकारी वाहनों और थाने की संपत्ति को भी नुकसान पहुँचाया।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत सेना के एक अधिकारी के निजी वाहन को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के बाद हुई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा, मारपीट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

वहीं, सेना ने कहा है कि वह कानूनी प्रक्रिया और जाँच में पूरा सहयोग करेगी। सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा कि मामले की जाँच संस्थागत प्रक्रिया के तहत की जा रही है और संयुक्त जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।